तेज रफ्तार KTM बाइक पेड़ से टकराई, दो किशोर गंभीर रूप से घायल
भिलाई टाउनशिप के पांडे चौक सेक्टर-4 में सुबह हादसा, सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी
भिलाई। भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत टाउनशिप इलाके में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:15 बजे सेंट्रल एवेन्यू रोड स्थित पांडे चौक सेक्टर-4 के पास तेज रफ्तार KTM बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई प्रतीत हो रही है। घायल किशोरों की पहचान सेक्टर-3 निवासी दिव्या कुमार और रिसाली निवासी अक्षत चंद्राकर के रूप में की गई है। दिव्या कुमार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान का पुत्र बताया जा रहा है और वह दसवीं कक्षा का छात्र है।
पुलिस के अनुसार, दोनों किशोर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
भिलाई भट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
suntimes 