थाने में हंगामा, वीडियो वायरल: कांग्रेस नेता समेत 6 पर FIR, SSP ने TI को लगाई कड़ी फटकार

पार्किंग विवाद से शुरू हुआ मामला तलवारबाजी तक पहुंचा, थाने में गाली-गलौज और मारपीट के बाद हुई कार्रवाई

थाने में हंगामा, वीडियो वायरल: कांग्रेस नेता समेत 6 पर FIR, SSP ने TI को लगाई कड़ी फटकार

बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा और थाने में हंगामे में बदल गया। इस मामले में कांग्रेस नेता एवं क्रशर संचालक संतोष मिश्रा समेत 6 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। कार्रवाई थाने के भीतर हुए हंगामे और गाली-गलौज के वीडियो वायरल होने के बाद की गई।

जानकारी के मुताबिक, कोटा के चंडी माता चौक निवासी संतोष मिश्रा और ठेकेदार राम सोनी के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। बहस इतनी बढ़ गई कि संतोष मिश्रा ने राम सोनी के साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया। इसके जवाब में राम सोनी ने संतोष को जमीन पर पटककर मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, जिसके बाद संतोष वहां से चला गया।

कुछ देर बाद संतोष मिश्रा कथित तौर पर तलवार लेकर वापस लौटा और राम सोनी पर हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में कोटा थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग करने लगे। इस दौरान थाने का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थाने के भीतर दोनों पक्षों के लोग आपस में गाली-गलौज करते रहे और खुलेआम हंगामा करते नजर आए। आरोप है कि उस वक्त स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई करने की बजाय समझौते का प्रयास किया और वरिष्ठ अधिकारियों को वास्तविक स्थिति से गुमराह किया गया।

इसी बीच थाने के भीतर हुए विवाद और मारपीट के CCTV फुटेज और मोबाइल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में घायल राम सोनी, भाजपा नेता विकास सिंह और अन्य लोग कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा के साथ बहस और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी सामने आया कि एक सिपाही लोगों को रोकने की बजाय कैमरा लगे होने की जानकारी देकर बाहर जाने को कहता नजर आ रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद SSP रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने कोटा थाना प्रभारी TI नरेश चौहान को कड़ी फटकार लगाते हुए थाने में अव्यवस्था फैलाने और पुलिस कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।

SSP के आदेश के बाद हरकत में आई पुलिस ने वीडियो में चिन्हित 6 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।