दुर्ग पुलिस की मुहिम रंग लाई: सैकड़ों गुम इंसान लौटे अपने घर
एसएसपी विजय अग्रवाल ने की समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

दुर्ग जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 1 जून से 24 जून 2025 की अवधि में 541 गुमशुदा व्यक्तियों को खोज निकालने में पुलिस ने उल्लेखनीय कार्य किया है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) ने समीक्षा बैठक आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया।
दुर्ग। जिले में लापता लोगों की तलाश हेतु चलाए जा रहे "ऑपरेशन तलाश" अभियान ने अहम उपलब्धि हासिल की है। दिनांक 01 जून से 24 जून 2025 तक की अवधि में कुल 541 गुम इंसानों को दस्तयाब किया गया है। यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस कार्यालय दुर्ग में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी।
थाना जामुल ने 80 से अधिक, थाना दुर्ग ने 47 से अधिक और थाना सुपेला ने 35 से अधिक गुमशुदा व्यक्तियों को खोज निकाला, जो अभियान की सफलता का प्रमाण है। उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक श्री राजेश मिश्रा, थाना प्रभारी दुर्ग उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता अली शर्मा, और थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक श्री विजय यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) श्रीमती पद्मश्री तंवर, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री चिराग जैन, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर श्री सत्यप्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी श्री हरीश पाटिल, और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री एलेक्जेंडर कीरो सहित सभी थानों और चौकियों के प्रभारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।