भाजपा विधायक रिकेश सेन की नई पहल: "टिफिन पर चर्चा" के जरिए वार्ड स्तर पर होगा संवाद और समाधान
मैनपाट प्रशिक्षण शिविर के बाद वैशाली नगर में दिखा असर, कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर पहुंचे जमीनी मुद्दों तक, जल्द सभी मंडलों में होगा विस्तार

छत्तीसगढ़ के मैनपाट में हुए भाजपा के प्रशिक्षण शिविर का असर अब जमीनी स्तर पर नजर आने लगा है। वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन ने प्रशिक्षण से लौटते ही सुपेला में "टिफिन पर चर्चा" कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद शुरू किया। इस अभिनव पहल के जरिए न केवल संगठन को मजबूत किया जा रहा है, बल्कि वार्ड स्तर पर जनता की समस्याओं को समझने और समाधान तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
भिलाई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण शिविर से लौटने के बाद संगठनात्मक सक्रियता को नए रंग में ढालते हुए "टिफिन पर चर्चा" कार्यक्रम की शुरुआत की है। शुक्रवार को भिलाई के सुपेला क्षेत्र में आयोजित इस विशेष बैठक में उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन के साथ पार्टी के कनिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस चर्चा के दौरान विधायक सेन ने भाजपा के अनुशासन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि पहले से चल रहे "स्कूटी से वार्ड तक" अभियान को अब और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए वार्ड स्तर पर टिफिन पर चर्चा का आयोजन किया जाएगा।
श्री सेन ने कहा, "भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। हम सभी कार्यकर्ता मिलकर जनता से संवाद करें, उनके सुख-दुख को साझा करें और समस्याओं का समाधान निकालें। वार्ड स्तर पर इस कार्यक्रम से हमें क्षेत्रीय जरूरतों को बेहतर समझने का अवसर मिलेगा।"
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की नीतियों और संगठन की दिशा की जानकारी दी और कहा कि प्रशिक्षण शिविर से मिले मार्गदर्शन को हर मंडल और वार्ड तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि "यह कार्यक्रम केवल बैठक नहीं, बल्कि संवाद और सेवा का माध्यम है।"
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घर से टिफिन लेकर शामिल हुए, और भोजन के साथ-साथ संगठन के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। उपस्थित प्रमुख कार्यकर्ताओं में त्रिलोचन सिंह, मनोज तिवारी, विजय शुक्ला, शशि भगत, तरूण सिंह, गोपाल साहू, मनीष सिंह, पवन सिंह, विवेकानंद सेन सहित अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।
"टिफिन पर चर्चा" कार्यक्रम को अब वैशाली नगर के सुपेला, कैम्प, कोहका और वैशाली नगर मंडलों में वार्ड स्तर पर आयोजित किया जाएगा। यह पहल संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता से सीधे जुड़ाव बनाने की दिशा में एक नया प्रयोग माना जा रहा है।