दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक सुधार अभियान तेज, अवैध पार्किंग और सड़क घेरने वालों पर सख्ती

कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस, नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों पर जुर्माने की तैयारी; फ्लाईओवर के नीचे और सड़क किनारे ठेले-गुमटियों पर निगम के साथ संयुक्त कार्रवाई होगी

दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक सुधार अभियान तेज, अवैध पार्किंग और सड़क घेरने वालों पर सख्ती

दुर्ग-भिलाई। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए दुर्ग-भिलाई पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने, सड़क किनारे ठेले-गुमटी लगाने, फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण और नाबालिगों के वाहन चलाने जैसी समस्याओं पर अब चरणबद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने कॉम्प्लेक्स संचालकों को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है, जबकि नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों पर जुर्माना लगाने की भी तैयारी की जा रही है।

यातायात विभाग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बिना लाइसेंस, बिना आवश्यक दस्तावेज और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों में जाकर चालानी कार्रवाई के साथ अभिभावकों को बुलाकर ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे शाम के समय जाम की समस्या बढ़ जाती है। पुलिस ने ऐसे स्थानों की पहचान कर ली है, जहां पहले समझाइश और उसके बाद चालानी कार्रवाई की जाएगी।

फ्लाईओवर के नीचे और सड़क किनारे अतिक्रमण हटेगा

फ्लाईओवर के नीचे तथा मुख्य सड़कों के किनारे ठेले, गुमटी और अन्य अस्थायी दुकानें यातायात में बाधा बन रही हैं। इस संबंध में नगर निगम और संबंधित थानों के साथ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। पहले अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी जाएगी, लेकिन व्यवस्था नहीं सुधरने पर कानूनी कार्रवाई होगी।

पार्किंग व्यवस्था नहीं करने वाले कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस

कई कॉम्प्लेक्स और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने सड़क पर वाहन खड़े होने की शिकायतों के बाद पुलिस ने संचालकों को नोटिस देना शुरू कर दिया है। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद सड़क पर वाहन खड़े कर ट्रैफिक बाधित करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।

पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि शहर में सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। आने वाले दिनों में यह अभियान दुर्ग, भिलाई और चरोदा क्षेत्र में लगातार जारी रहेगा।