जमीन हड़पने बेटे ने बनाए फर्जी दस्तावेज: स्वर्गीय दादी के अंगूठे और पिता के हस्ताक्षर किए जाली

जमीन हड़पने बेटे ने बनाए फर्जी दस्तावेज: स्वर्गीय दादी के अंगूठे और पिता के हस्ताक्षर किए जाली

दोस्तों के साथ मिलकर किया धोखाधड़ी का षड्यंत्र, तीन आरोपी गिरफ्तार; फर्जी दस्तावेज से जमीन कब्जाने की कोशिश

दुर्ग।दुर्ग जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक बेटे ने अपने ही पिता और स्वर्गीय दादी की जमीन हड़पने के लिए झूठे दस्तावेज तैयार कराए। फर्जीवाड़े को अंजाम देने में बेटे की मदद उसके दोस्तों ने की। आरोपियों ने मृत दादी के अंगूठे के फर्जी निशान और पिता के जाली हस्ताक्षर बनवाकर जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला तहसील पाटन के ग्राम पतोरा का है। पीड़ित पुसऊराम साहू ने थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके नाम और उसकी मां स्वर्गीय सुरजाबाई साहू के नाम पर दर्ज संयुक्त भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से हड़पने का प्रयास किया गया।

पीड़ित के अनुसार, उसके बेटे रुपेश कुमार साहू पर भुनेश्वर साहू, देवादास मानिकपुरी और पूरन लाल साहू ने दबाव बनाकर एक फर्जी आम मुख्त्यारनामा तैयार करवाया। यह दस्तावेज उप-पंजीयक कार्यालय दुर्ग में इस प्रकार निष्पादित कराया गया कि न तो पिता मौजूद थे और न ही दिवंगत मां की सहमति थी। उनकी अनुपस्थिति में किसी अन्य व्यक्ति से हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगवाकर दस्तावेज पंजीकृत करा लिया गया।

पीड़ित ने बताया कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं हैं, इसके बावजूद उनके नाम से फर्जी अंगूठे का निशान लगाकर धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 420, 423, 467, 468, 470, 471, 120-बी, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया।

जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और इंकरारनामा बनाकर जमीन कब्जाने की योजना बनाई थी। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने 3 नवंबर 2025 को आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।