दुर्ग में ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, इंस्टाग्राम-व्हाट्सएप से चल रहा था करोड़ों का खेल
जामुल क्षेत्र में किराए के मकान से संचालित गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान और नकदी जब्त
*दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए संचालित इस रैकेट में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो ड्रैगन टाइगर, तीन पत्ती और रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।*
भिलाई। भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 में एक किराए के मकान से ऑनलाइन सट्टा संचालन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर पहुंचने पर आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। जांच में सामने आया कि गिरोह ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे गेम्स पर सट्टा संचालित कर रहा था।
आरोपी ग्राहकों को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए जोड़कर उन्हें ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराते थे, जिसके माध्यम से दांव लगाया जाता था। सट्टे के इस नेटवर्क को छिपाने के लिए विभिन्न सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था। गिरोह में काम को अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया था, जिससे संचालन व्यवस्थित तरीके से और तकनीकी माध्यम से किया जा सके।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपए नगद, 7 बैंक पासबुक, 16 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, वाई-फाई उपकरण, लेन-देन से संबंधित रजिस्टर और एक पासपोर्ट जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के जरिए प्रतिदिन 3 से 7 लाख रुपए तक का लेन-देन हो रहा था और यह पूरा नेटवर्क करोड़ों के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं 6, 7 और 8 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य कनेक्शन और बड़े सरगनाओं की तलाश में जुटी हुई है।
suntimes 