दुर्ग में बॉयज हॉस्टल की आड़ में चल रहा था अवैध पनीर कारोबार, खाद्य विभाग की रेड में खुलासा

छापेमारी में 140 किलो पनीर जब्त, मौके से नोट गिनने की मशीन और तिजोरी मिलने से बढ़ी जांच की गंभीरता

दुर्ग जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। शैल देवी महाविद्यालय के सामने स्थित एक भवन में बॉयज हॉस्टल की आड़ लेकर अवैध रूप से पनीर का भंडारण और सप्लाई का कारोबार संचालित किया जा रहा था। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई में भारी मात्रा में पनीर जब्त किया गया, वहीं मौके से नोट गिनने की मशीन और तिजोरी मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

दुर्ग शहर से लगे इलाके में अवैध खाद्य कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। यहां शैल देवी महाविद्यालय के सामने स्थित एक भवन में बॉयज हॉस्टल की आड़ लेकर लंबे समय से पनीर स्टोरेज और सप्लाई का काम किया जा रहा था। बाहर से सामान्य हॉस्टल नजर आने वाली इस इमारत के भीतर बड़ी मात्रा में पनीर रखा गया था, जिसे अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही अधिकांश माल हटाए जाने की बात सामने आई है, लेकिन जांच के दौरान कंटेनर में रखा करीब 140 किलो पनीर बरामद कर जब्त किया गया। विभाग के अनुसार जब्त सामग्री की कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है। पनीर के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं ताकि उसकी गुणवत्ता और सुरक्षित होने की पुष्टि की जा सके।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को मौके से नोट गिनने की मशीन और तिजोरी भी मिली, जिससे यह अंदेशा मजबूत हुआ है कि कारोबार बड़े पैमाने पर और लंबे समय से संचालित किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना संरक्षण या मिलीभगत के इस तरह का अवैध कारोबार चल पाना मुश्किल है।

फिलहाल खाद्य विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है। अधिकारियों की कोशिश यह पता लगाने की है कि अवैध रूप से संग्रहित पनीर की सप्लाई किन बाजारों और दुकानों तक की जा रही थी। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है