दुर्ग में भूपेश की 15 चुनावी सभाएं, कहा-महिलाओं को 1 लाख देगी कांग्रेस सरकार.....

'महंगाई बढ़ी, GST लगा, पेट्रोल बढ़ा, पब्लिक बोली सांय-सांय'....

दुर्ग में भूपेश की 15 चुनावी सभाएं, कहा-महिलाओं को 1 लाख देगी कांग्रेस सरकार.....

7 लोकसभा सीटों पर तीसरे चरण के रण के लिए चुनाव प्रचार-प्रसार के लिए अंतिम दो दिन शेष हैं। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दुर्ग लोकसभा के लिए मोर्चा संभाले हुए हैं। इस दौरान भूपेश बघेल ने कांग्रेस के घोषणा पत्र की याद दिलाते हुए कहा कि राजेंद्र साहू को जिताइए। दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल एक लाख रुपए सरकार देगी। 

4 मई को उन्होंने दुर्ग लोकसभा के प्रत्याशी राजेंद्र साहू को विजय दिलाने के जन समर्थन मांगा। इसके लिए उन्होंने एक ही दिन में 15 अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उनकी सभा में काफी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं की संख्या काफी अधिक रही।

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार राजेन्द्र साहू के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने चुनावी सभा से जन समर्थन की मांग की। भूपेश बघेल की चुनावी सभा में जमकर सांय सांय का नारा चला। इस दौरान भूपेश बोलते गए… महंगाई बढ़ी, रजिस्ट्री बढ़ी, जीएसटी लगा, पेट्रोल बढ़ा और दूसरी तरफ बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने सांय सांय का नारा लगाया।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने कहा कि दुर्ग से उनकी जीत पक्की है। ऐसा इसलिए वो कह रहे हैं कि क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें जनता का पूरा समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस सांसद को पांच साल तक दुर्गा लोकसभा की जनता खोजती रही। जिसने एक भी जनहित का मुद्दा नहीं उठाया, उसे हार का सामना करना पड़ेगा।

छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण के तहत दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर जांजगीर चांपा सहित कुल सात सीटों पर मतदान 7 मई को होना है। इसके लिए कुल 1.39 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें महिला मतदाताओं की संख्या 69 लाख 67 हजार 544 व पुरुष मतदाताओं की संख्या 69 लाख 33 हजार 121 हैं।