देश में प्लास्टिक करेंसी की तैयारी, जल्द शुरू होगा ₹10 और ₹20 के पॉलिमर नोटों का ट्रायल
केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद RBI छापेगा 200 करोड़ पॉलिमर नोट, सफल परीक्षण के बाद बढ़ाया जा सकता है दायरा
नई दिल्ली (ए)। भारतीय मुद्रा प्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही ₹10 और ₹20 के पॉलिमर (प्लास्टिक) नोटों का परीक्षण शुरू करेगा। पहले चरण में 200 करोड़ नोट छापे जाएंगे। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो भविष्य में अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी पॉलिमर सामग्री में जारी किए जा सकते हैं।
देश में अधिक टिकाऊ और सुरक्षित करेंसी उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रिजर्व बैंक ने पॉलिमर नोटों के परीक्षण की तैयारी शुरू कर दी है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने ₹10 और ₹20 के पॉलिमर नोटों की छपाई को मंजूरी दे दी है।
पहले चरण में दोनों मूल्यवर्ग के 100-100 करोड़ यानी कुल 200 करोड़ नोट छापे जाएंगे। यह पूरी तरह परीक्षण परियोजना होगी, जिसके जरिए पॉलिमर नोटों की उपयोगिता, टिकाऊपन और सुरक्षा का आकलन किया जाएगा। हालांकि ट्रायल कब शुरू होगा, इसकी आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार पॉलिमर नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक मजबूत होते हैं, जल्दी खराब नहीं होते और इनमें नकली नोटों पर रोक लगाने के लिए बेहतर सुरक्षा फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। फिलहाल मौजूदा कागजी नोट भी पहले की तरह प्रचलन में बने रहेंगे।
suntimes 