निकाय चुनाव का काउंटडाउन शुरू, 2-3 दिसंबर को हो सकता है तारीखों का ऐलान
चार नगर निगमों समेत नगरीय निकायों में चुनाव की तैयारी, पंचायतों के 814 पदों पर भी चुने जाएंगे प्रतिनिधि; कुल 1231 पदों पर मतदान
प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर जल्द तस्वीर साफ हो सकती है। नवंबर के आखिरी दिन मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनावी कार्यक्रम जारी कर सकता है। दिसंबर के पहले सप्ताह में आचार संहिता लागू होने और महीने के अंतिम सप्ताह में मतदान की संभावना है। चुनावी सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक दल भी उम्मीदवारों की तलाश और स्थानीय समीकरण साधने में जुट गए हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकायों की चुनावी प्रक्रिया अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है। राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारियों के अनुसार, 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 2 या 3 दिसंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्त चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकते हैं। इसी के साथ चुनाव वाले क्षेत्रों में आचार संहिता लागू होने की संभावना है।
बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगर निगमों सहित प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में चुनाव कराए जाएंगे। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराने की तैयारी की चर्चा है। इस बीच भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों ने वार्ड स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
चार निगमों में महापौर और पार्षद चुनेंगे मतदाता
नगरीय निकायों में आम चुनाव और उपचुनाव के तहत कुल 417 पदों पर निर्वाचन होना है। इनमें महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षदों के 400 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उपचुनाव में अध्यक्ष का एक और पार्षद के 6 पदों के लिए भी मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे।
पंचायत चुनाव में सरपंच और पंच पदों पर भी मुकाबला
ग्रामीण क्षेत्रों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 814 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसमें जनपद पंचायत सदस्य का एक पद, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं। दोनों चुनावों को मिलाकर कुल 1231 पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी।
कार्यकाल पूरा होने पर प्रशासक नियुक्ति की नौबत
चुनाव की घोषणा में अधिक देरी होने पर कुछ नगरीय निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति करनी पड़ सकती है। वर्ष 2024 में भी निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ऐसी व्यवस्था लागू की गई थी। इसलिए निर्वाचन आयोग के अगले कदम पर राजनीतिक दलों के साथ प्रशासन की भी नजर बनी हुई है।
पिछले चुनाव में घोषणा से मतदान तक मिले थे 23 दिन
वर्ष 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम जारी हुआ था और 20 दिसंबर को मतदान कराया गया था। उस समय अधिसूचना से मतदान तक लगभग 23 दिन का अंतर रहा था। इसी आधार पर इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। हालांकि, तारीखों और चुनावी चरणों को लेकर अंतिम निर्णय निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद ही सामने आएगा।
suntimes 