निगम परिसर में महापौर की सरकारी कार धू-धूकर जली, मची अफरा-तफरी
कार से उतरने के कुछ मिनट बाद उठने लगा धुआं, देखते ही देखते भड़की आग; फायर ब्रिगेड ने 20 मिनट में पाया काबू, FSL ने शुरू की जांच
दुर्ग-भिलाई। नगर निगम कार्यालय परिसर में गुरुवार दोपहर महापौर अल्का बाघमार की सरकारी कार क्रमांक CG 07 DE 2417 में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। महापौर दोपहर करीब 12 बजे भिलाई स्थित अपने निवास से कार से निगम कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि घर से निगम कार्यालय की दूरी करीब तीन किलोमीटर है।
निगम पहुंचने के बाद महापौर वाहन से उतरकर अपने कार्यालय कक्ष में चली गईं। इसके कुछ ही मिनट बाद कार से धुआं निकलता नजर आया। वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
धुआं दिखते ही महापौर ने निकाली जरूरी फाइलें
महापौर के मुताबिक, कार से धुआं निकलता देखकर उन्होंने तुरंत वाहन में रखी जरूरी फाइलें और अन्य सामान बाहर निकाल लिया। इसके बाद आग ने तेजी से कार के बड़े हिस्से को घेर लिया।
सूचना मिलते ही दमकल वाहन निगम परिसर पहुंचा और कर्मचारियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से आसपास खड़े अन्य वाहनों और निगम भवन तक आग पहुंचने का खतरा टल गया।
शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही आशंका
महापौर ने शुरुआती तौर पर वाहन की वायरिंग में खराबी को आग की संभावित वजह बताया है। उनका कहना है कि वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी निगम परिसर पहुंची। टीम ने जली हुई कार का निरीक्षण करने के साथ घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल FSL टीम तकनीकी और अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन में आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण रहा।
suntimes 