पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, गंभीर रूप से झुलसी महिला, काबू पाने में जुटे दमकलकर्मी

पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, गंभीर रूप से झुलसी महिला, काबू पाने में जुटे दमकलकर्मी

रायपुर। रायपुर के भनपुरी इलाके में गुरुवार की रात एक गोदाम में अचानक आग लग गई। बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगीं। और दूर तक इलाके में धुआं फैल गया। आस-पास कुछ लोगों के घर और दूसरे कर्मशियल गोदाम थे वहां से भी भागकर लोगों ने अपनी जान बचाई और पुलिस एवं फायर टीम को खबर दी।

इस भीषण आग ने एक महिला को चपेट में ले लिया और वो बुरी तरह झुलस गई है। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें घटना खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी स्थित एक गोदाम की है। आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल की 4 गाड़ियां पहुंच गई हैं। हालांकि आग कैसे लगी है इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।

\आग लगने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं। वहीं आग की लपटें दूर-दूर तक भड़क रही है, जिस कारण लम्बा जाम लगा हुआ है। जाम की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस भी जाम को खाली कराने में जुट गई है।

आग लगने की घटना के बारे में खमतराई थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि उरकुरा के एक पेंट हाउस फैक्ट्री में आग लगी है। आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर मौजूद है, आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। इस आग में एक महिला के झुलसने की खबर है। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा।