21 अप्रैल को छग दौरे पर आ सकती हैं प्रियंका....राजनांदगांव में सभा तो कांकेर में बीरेश के पक्ष में करेंगी चुनाव प्रचार...

कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के दौरे के बाद अब राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का दौरा लगभग तय माना जा रहा है। संभावना है कि प्रियंका 21 अप्रैल को चुनावी दौरे पर आ सकती हैं।
प्रियंका राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा सीट पर चुनावी सभाएं लेंगी, हालांकि अभी उनका अधिकारिक दौरा आना बाकी है। प्रियंका 21 अप्रैल को वे राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थन में बड़ी आम सभा करेंगी, इस आम सभा के बाद वो कांकेर जाएंगी। वहां कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगी। प्रियंका गांधी पहले 20 अप्रैल को प्रदेश दौरे पर आने वाली थी, राजनांदगांव में उनकी सभा को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई थी, लेकिन अब उनका दौरा एक दिन आगे बढ़ गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दो संसदीय क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इनमें जांजगीर और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में स्थानीय समीकरणों के आधार पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा कराने पर जोर दिया गया है। इसी तरह कांकेर लोकसभा क्षेत्र में भी जल्द ही कम से कम एक सभा कराने का प्रस्ताव है। इधर, खड़गे के चुनावी दौरे को लेकर भी हरी झंडी का इंतजार किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भी अपनी चुनावी सभाओं की शुरुआत कर दी है। 13 अप्रैल को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बस्तर से चुनावी सभाओं का शंखनाद किया था, इसी दिन पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार भी बिलासपुर लोकसभा के मस्तुरी में बड़ी चुनावी सभा की थी।