छत्तीसगढ़ में बारिश-बादल के बाद बढ़ने लगी गर्मी:अगले चार दिन में 4 से 6 डिग्री तक चढ़ेगा पारा

छत्तीसगढ़ में बारिश-बादल के बाद मौसम साफ होने से दिन का पारा फिर चढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से अगले 4 दिन तक दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी। रविवार को प्रदेश के एक दो जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई।
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39.3 डिग्री डोंगरगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान 17.3 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। आज रायपुर समेत अन्य जिलों में सुबह से मौसम साफ है। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। रविवार को रायपुर में 36.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात का पारा 22.3 डिग्री रहा।
बिलासपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। शनिवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री रहा, जो रविवार को बढ़कर 36.6 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि पारा सामान्य से 4 डिग्री कम था। वहीं, रात का पारा 24.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दुर्ग में 35.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जो रविवार को बढ़कर 37.8 डिग्री पर पहुंचा है। दिन का पारा सामान्य से 3 डिग्री कम है। रात का पारा 20.6 डिग्री रहा, जो औसत से 5 डिग्री कम था।