प्रधानमंत्री ने फोन पर हाल-चाल जाना, तीजन बाई के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन
प्रधानमंत्री मोदी ने 1 मिनट 18 सेकंड तक बहू वेणु देशमुख से बातचीत कर तीजन बाई की सेहत और परिवार की आर्थिक स्थिति का लिया हाल
रायपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की मशहूर पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण विजेता तीजन बाई से फोन पर हाल-चाल पूछा। करीब डेढ़ मिनट लंबी बातचीत में प्रधानमंत्री ने उनकी सेहत और परिवार की आर्थिक स्थिति का जायजा लिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
भिलाई। रायपुर में प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई की बहू वेणु देशमुख से फोन पर करीब 1 मिनट 18 सेकंड तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने तीजन बाई की सेहत के बारे में जानकारी ली और परिवार की चिंता जताई।
तीजन बाई की बहू ने प्रधानमंत्री को बताया कि उनकी सास इन दिनों ठीक से खाना नहीं खा पा रही हैं और उन्हें सूप आदि पिलाया जा रहा है। बातचीत के दौरान वेणु देशमुख ने प्रधानमंत्री से विशेष अनुरोध करते हुए कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति इस समय कमजोर है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार किसी एक परिवार सदस्य को नौकरी प्रदान करे, ताकि परिवार की जीवनयापन की स्थिति में सुधार हो सके।
तीजन बाई ने अपनी कला के माध्यम से पंडवानी लोककला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री की पहल और परिवार की आर्थिक मदद की संभावना ने परिवार को भावुक कर दिया।
suntimes 