बस्तर को मिलेगा स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा तोहफा: 13 अप्रैल को ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ की शुरुआत

CM विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, हर पंचायत में लाइव प्रसारण की तैयारी

बस्तर को मिलेगा स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा तोहफा: 13 अप्रैल को ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ की शुरुआत

जगदलपुर। बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में राज्य सरकार 13 अप्रैल को महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जगदलपुर से ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ और ‘अटल आरोग्य लैबोरेटरी’ का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बस्तर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। प्रशासन ने इसके लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि दूर-दराज के ग्रामीण भी इस पहल से सीधे जुड़ सकें।

पंचायत स्तर पर वेबकास्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत सचिवों और नोडल अधिकारियों को तकनीकी व्यवस्थाएं समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कहा गया है। कार्यक्रम के लिए विशेष वेबकास्ट लिंक जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से सभी पंचायतों में लाइव प्रसारण किया जाएगा।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बस्तर के सुदूर अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है। इसके तहत जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। ‘अटल आरोग्य लैबोरेटरी’ के माध्यम से ग्रामीणों को नजदीक में ही जांच सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे उन्हें जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता कम होगी।

प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल के जरिए लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी व्यापक रूप से दी जाएगी।