MMS विवाद में तेज़ हुई जांच: विधायक देवेंद्र यादव ने थाने में दिया फोटो-वीडियो सैंपल

भिलाई नगर थाने में पेश होकर बोले— “हमने ही दर्ज कराई थी FIR, सच्चाई जल्द सामने आए”

MMS विवाद में तेज़ हुई जांच: विधायक देवेंद्र यादव ने थाने में दिया फोटो-वीडियो सैंपल

दुर्ग-भिलाई। चर्चित MMS मामले में जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव शनिवार को भिलाई नगर थाना पहुंचे। यहां थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा की मौजूदगी में उनका फोटो और वीडियो सैंपल लिया गया, जिसे अब तकनीकी परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।

पुलिस के अनुसार, यह सैंपल वायरल वीडियो की सत्यता जांचने के लिए अहम साक्ष्य के रूप में उपयोग किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो वास्तविक है या मॉर्फ्ड।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने विधायक को पहले भी नोटिस जारी किए थे। हाल ही में 6 अप्रैल को नोटिस भेजा गया था, जिसके बाद वे थाने पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।

थाने पहुंचने से पहले विधायक देवेंद्र यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि इस मामले में FIR उन्होंने स्वयं दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि करीब तीन साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान एक कथित वीडियो वायरल कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया था।

उन्होंने जांच में देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि नोटिस समय पर नहीं पहुंचा, जिससे प्रक्रिया में भ्रम की स्थिति बनी। उन्होंने यह भी कहा कि “नोटिस-नोटिस खेलने की जरूरत नहीं है, हम खुद जांच चाहते हैं और पूरी तरह सहयोग के लिए तैयार हैं।”

विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि जनता के बीच फैली भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि अन्य मामलों में उच्च स्तरीय जांच हो सकती है, तो इस मामले में भी निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान वायरल हुए इस MMS को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमाया था। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को लेकर अलग-अलग दावे किए गए थे, जिसे लेकर विवाद अब तक जारी है।