बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 4 माओवादी ढेर

महिला नक्सली कैडर समेत नेशनल पार्क एरिया कमेटी से जुड़े माओवादी ढेर, AK-47 सहित हथियार बरामद

बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 4 माओवादी ढेर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली कैडर सहित कुल चार माओवादी मारे गए हैं। मुठभेड़ स्थल से अत्याधुनिक हथियारों की बरामदगी भी हुई है, जिससे अभियान की गंभीरता और सफलता स्पष्ट होती है।

बीजापुर।

पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने जानकारी दी कि जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित जंगल एवं पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी से जुड़े DVCM दिलीप बेड़जा एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया।

सर्च अभियान के दौरान 17 जनवरी 2026 की सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। दोपहर तक मुठभेड़ स्थल से दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए। इसके बाद शाम के समय हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली कैडर सहित दो अन्य माओवादी भी मारे गए।

अब तक की कार्यवाही में कुल चार माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। इनके पास से AK-47 और .303 राइफल जैसे ग्रेडेड हथियार भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज श्री सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बनी चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बावजूद डीआरजी, कोबरा एवं एसटीएफ के जवान उच्च अनुशासन, रणनीतिक दक्षता और अदम्य साहस के साथ माओवादी कैडरों के विरुद्ध अभियान को अंजाम दे रहे हैं।

प्रारंभिक पहचान के आधार पर मृत माओवादियों में से एक की पहचान नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात माओवादी DVCM दिलीप बेड़जा के रूप में की गई है। अन्य मारे गए माओवादियों के भी उसी एरिया कमेटी से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है, जिनकी शिनाख्त की जा रही है।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान जारी है। अभियान पूर्ण होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट पृथक रूप से साझा की जाएगी।