उपमुख्यमंत्री अरुण साव का औचक निरीक्षण: रतनपुर-पेंड्रा हाईवे निर्माण में गति और गुणवत्ता का निर्देश
निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी, अफसरों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने और यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को रतनपुर-पेंड्रा नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण समयसीमा में पूरा हो, गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और आमजन को आवागमन में कोई परेशानी न हो।
बिलासपुर. राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रवास के दौरान रतनपुर-पेंड्रा नेशनल हाईवे निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए ताकि आम नागरिकों और राहगीरों को असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से कहा कि अगर किसी प्रकार की बाधा या समस्या हो तो उसे समय रहते उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, परंतु निर्माण में विलंब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्री साव ने निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता की जांच भी की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण कार्य पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण केवल तकनीकी दायित्व नहीं, बल्कि जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा मामला है। उन्होंने सड़कों पर पर्याप्त संकेतक बोर्ड लगाने, पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने और सभी कार्यों को मानक के अनुरूप निर्धारित समय में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
suntimes 