भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव, छत्तीसगढ़ से झारखंड पहुंचे पवन साय; कर्मवीर सिंह को मिली नई जिम्मेदारी
अजय जामवाल महाराष्ट्र भेजे गए, सौदान सिंह की भी झारखंड संगठन में वापसी; राष्ट्रीय नेतृत्व ने किया जिम्मेदारियों का पुनर्गठन
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से गुरुवार को संगठन महामंत्रियों की नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। इसमें छत्तीसगढ़ से जुड़े कई प्रमुख नेताओं को अलग-अलग राज्यों में नई भूमिका दी गई है।
छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय अब झारखंड में संगठन का काम संभालेंगे। उन्हें झारखंड प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका संगठन केंद्र रांची रहेगा। पवन साय लंबे समय से छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक कामकाज से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2022 में भी उन्हें प्रदेश संगठन में इसी जिम्मेदारी पर रखा गया था।
विधानसभा चुनाव 2023 तक छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक गतिविधियों, प्रमुख फैसलों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय में पवन साय की भूमिका रही। अब पार्टी ने उन्हें झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है।
कर्मवीर सिंह संभालेंगे छत्तीसगढ़ संगठन
पवन साय के झारखंड जाने के बाद कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का संगठन महामंत्री बनाया गया है। कर्मवीर सिंह इससे पहले झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार और समन्वय का दायित्व दिया गया है।
जामवाल की महाराष्ट्र में नई पारी
छत्तीसगढ़ संगठन से लंबे समय तक जुड़े रहे अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका संगठन केंद्र मुंबई रहेगा। जामवाल ने छात्र जीवन में एबीवीपी के जरिए संगठनात्मक कार्य शुरू किया था।
वर्ष 2022 में उन्हें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का क्षेत्रीय संगठन महामंत्री बनाया गया था। 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने दोनों राज्यों में संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं। अब पार्टी ने उन्हें महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दी है।
सौदान सिंह को फिर झारखंड की जिम्मेदारी
भाजपा ने सौदान सिंह को एक बार फिर झारखंड संगठन में सह महामंत्री की जिम्मेदारी दी है। सौदान सिंह 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान झारखंड के प्रभारी रहे थे। वहीं, शिवप्रकाश को मुंबई का राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री बनाए जाने की जानकारी दी गई है।
suntimes 