भिलाई नगर में सनसनी: दो भाइयों का अपहरण, चार बदमाश कार से ले उड़े

छावनी थाना क्षेत्र का मामला, एग रोल सेंटर से उठाए गए युवक – सट्टा विवाद की आशंका

भिलाई नगर में गुरुवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब छावनी थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित एग रोल सेंटर से दो सगे भाइयों का अपहरण कर लिया गया। चार अज्ञात बदमाश कार में आए और दोनों भाइयों को जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए।

भिलाई। भिलाई नगर में अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष चौक पर एग रोल सेंटर चलाने वाले विष्णु साव और शुभम साव नामक दो भाइयों को चार अज्ञात बदमाशों ने कार में डालकर अगवा कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश अचानक कार से उतरे और दोनों भाइयों को दबोचकर जबरन गाड़ी में बैठा ले गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों का कहना है कि इस अपहरण के पीछे सट्टा कारोबार से जुड़ा विवाद हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। छावनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।