खास समाचार : शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म: आरोपी ने बनाया वीडियो, विरोध पर की मारपीट
दुर्ग जिले के स्मृति नगर क्षेत्र की घटना, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, राजनीतिक संबंधों की भी जांच
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण का शिकार बनाया गया। आरोपी ने संबंधों के दौरान युवती का अश्लील वीडियो भी बना लिया और शादी से इनकार करने पर मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दुर्ग। जिले के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 28 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि डिपरापारा निवासी मुकेश सोनकर ने उसे विवाह का प्रलोभन दिया और इसी बहाने लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। विरोध करने पर उसने उसके साथ मारपीट की। यही नहीं, आरोपी ने संबंध के दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रही।
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का संबंध किसी राजनीतिक दल से हो सकता है, लेकिन इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
suntimes 