भिलाई नेशनल हाईवे पर ट्रेलर की टक्कर से आयल टैंकर लीक, सड़क बनी फिसलन भरी, घंटों जाम
केमिकल युक्त तेल फैलने से वाहनों का चलना हुआ मुश्किल, फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
भिलाई। भिलाई नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेलर की टक्कर से एक आयल टैंकर बीच सड़क पर लीक हो गया, जिससे उसमें भरा केमिकल युक्त तेल पूरी सड़क पर फैल गया। तेल फैलते ही हाईवे पर चल रहे वाहनों के पहिए फिसलने लगे और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी छावनी प्रशांत पैंकरा, खुर्सीपार थाना प्रभारी और जामुल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ट्रैफिक पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी बुलाया गया।
अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले सुरक्षा के लिहाज से लीक हो रहे आयल टैंकर को सड़क के किनारे हटाया गया, ताकि और तेल सड़क पर न फैले। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने विशेष केमिकल का छिड़काव कर सड़क पर फैले तेल को साफ करने का अभियान शुरू किया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।
अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि तीन दमकल वाहनों की मदद से सड़क पर फैले तेल को काफी हद तक हटा लिया गया है। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया।
suntimes 