दुर्ग में रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, युवक की मौके पर मौत
नंदिनी-जामुल रोड पर अल सुबह दर्दनाक हादसा, कार के उड़े परखच्चे, तीन युवक गंभीर घायल
भिलाई। दुर्ग जिले से बुधवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। नंदिनी से जामुल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार प्रवीण कुमार नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के वक्त कार में कुल चार युवक सवार थे। मृतक के अलावा तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा नंदिनी-जामुल मुख्य मार्ग पर हुआ। टक्कर के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकले और क्षतिग्रस्त कार को देखकर स्तब्ध रह गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। वहीं एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जिसकी पहचान प्रवीण कुमार के रूप में हुई है।
फिलहाल जामुल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण मान रही है।
suntimes 