सब्जी मंडी में नशीली दवाओं की सप्लाई करते युवक दबोचा
मोहन नगर पुलिस की कार्रवाई, 72 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद; आरोपी को भेजा गया जेल
दुर्ग जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सब्जी मंडी क्षेत्र में ग्राहकों को नशीले कैप्सूल बेचने की फिराक में था।
दुर्ग। दुर्ग-भिलाई में मोहन नगर थाना पुलिस ने धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के लिए संदिग्ध रूप से घूम रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 72 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान दीपक ठाकुर (28) निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अवैध रूप से नशीली दवाएं बेचकर मुनाफा कमाने की बात स्वीकार की।
कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 28,800 रुपए मूल्य के कैप्सूल और 960 रुपए नकद जब्त किए हैं। कुल मिलाकर 29,760 रुपए का माल बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
suntimes 