भिलाई में तीजा से पहले पत्नी की हत्या, पति ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर
नेवई थाना क्षेत्र की घटना, आरोपी पति पंडित निकला, मृतका राजनांदगांव की रहने वाली
भिलाई में तीजा पर्व से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पंडित पति ने अपनी 20 वर्षीय पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद थाने पहुंचकर अपराध कबूल कर लिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
भिलाई। नेवई थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति की पहचान एकल दुबे (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पंडित का काम करता है। मृतका का नाम दीक्षा दुबे (20 वर्ष) बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने किसी विवाद के चलते पत्नी का गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपराध कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दीक्षा का मायका राजनांदगांव में है। घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां और बड़े पिता भिलाई पहुंचे और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।