भिलाई में प्रस्तावित कैनाल रोड का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाकर जल्द शुरू होगा निर्माण
अवंती बाई चौक से पॉवर हाउस तक बनेगा नया मार्ग, यातायात दबाव कम करने की तैयारी
भिलाई में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रस्तावित कैनाल रोड परियोजना पर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने अवंती बाई चौक से पॉवर हाउस स्थित शीतला कॉम्प्लेक्स तक प्रस्तावित सड़क का निरीक्षण कर निर्माण से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
भिलाई। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित कैनाल रोड निर्माण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर अभिजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने अवंती बाई चौक से पॉवर हाउस स्थित शीतला कॉम्प्लेक्स तक प्रस्तावित मार्ग का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क के एलाइनमेंट, चौड़ाई और निर्माण से जुड़ी तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित सड़क की मार्किंग और सीमांकन का कार्य पूरा कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित कर लिया गया है। प्रशासन द्वारा जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रस्तावित कैनाल रोड के निर्माण से पॉवर हाउस क्षेत्र और अवंती बाई चौक के बीच यातायात का दबाव कम होगा तथा शहरवासियों को एक नया और सुगम वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी प्रारंभिक प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी हितेश पिस्दा, तहसीलदार डिगेश्वर साहू, जोन आयुक्त अजय राजपूत, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता शबनम निशा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
suntimes 