भिलाई सेक्टर-6 में गद्दा दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

रात के वक्त शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने पलभर में मचाई तबाही, दमकल की टीम ने मशक्कत के बाद पाया काबू

सेक्टर-6 स्थित कर्लऑन गद्दा की दुकान में शनिवार देर रात अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते लगी आग ने देखते ही देखते पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में लाखों रुपए के सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है।

भिलाई। भिलाई के सेक्टर-6 क्षेत्र में शनिवार की रात अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब कर्लऑन गद्दा की दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। माना जा रहा है कि दुकान के भीतर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में गद्दे और फर्निशिंग सामग्री को जलाकर राख कर दिया।

दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और देर रात तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। सौभाग्य से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के सामान के नष्ट होने की संभावना है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विद्युत विभाग से भी रिपोर्ट मांगी गई है।