भू-माफिया ने कटवाए 400 पेड़....बीजेपी पार्षद ने निगम आयुक्त से की शिकायत लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं

भिलाई नगर निगम के जोन-2 के वार्ड-25 में 400 से अधिक पेड़ों को काटकर मैदान बना दिया गया है। वार्ड पार्षद और स्थानीय लोगों की शिकायत के बावजूद निगम और जिला प्रशासन ने भू-माफिया पर कोई कार्रवाई नहीं की है। जवाहर नगर हाउसिंग बोर्ड के भाजपा पार्षद नोहर वर्मा ने बताया कि, यह वैशालीनगर विधानसभा के नगर पालिका निगम भिलाई में आता है। यहां गरीबों के लिए आवास बनाने के नाम पर निगम की करीब 17 एकड़ जमीन खाली पड़ी है। कुछ जगहों पर बॉम्बे और प्रधानमंत्री आवास भी बनाए जा चुके हैं।
यहां बचे कुछ जगह पर काफी पेड़ तैयार हो गए, लेकिन कुछ लकड़ी तस्कर और भू-माफिया पिछले कुछ महीनों से सक्रिय हैं। उनके द्वारा पिछले 6 महीनों में यहां 400 से अधिक पेड़ काट दिए गए हैं। तीन दिन पहले सूचना मिली थी कि, यहां कुछ लोग दिन इलेक्ट्रिक आरा मशीन से पेड़ों को काट रहे हैं। जब उन्होंने वहां जाकर देखा तो कटे पेड़ दिखे। कुछ लोग पेड़ों की लकड़ी को CG 07 AT 9023 नंबर की पिकअप और एक ट्रक में लोड कर ले जा रहे थे। यदि इस पिकअप को ही पकड़ा जाए, तो आरोपियों का पता चल जाएगा।
भाजपा पार्षद नोहर वर्मा ने जोन और निगम आयुक्त से इसकी शिकायत की। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लिखित शिकायत निगम आयुक्त और कलेक्टर के नाम दी। लेकिन 3-4 दिन बीत जाने के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा नेता मयंक गुप्ता का कहना है कि, यदि इस पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वो निगम आयुक्त दफ्तर के सामने बैठकर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।