‘मन की बात’ में मोदी का युवाओं को संदेश- नशे के खिलाफ डिजिटल अभियान छेड़ें

8 करोड़ तिरंगा सेल्फी का आंकड़ा पार; ‘सूर्यपथ तिरंगा’ से दुनिया में दिखा भारत का गौरव, एवोकाडो खेती और गंगा सफाई की मिसालें भी गिनाईं

‘मन की बात’ में मोदी का युवाओं को संदेश- नशे के खिलाफ डिजिटल अभियान छेड़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की ऊर्जा और डिजिटल ताकत को सामाजिक अभियानों से जोड़ने का आह्वान किया है। ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण में उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाला कंटेंट बनाने को कहा। कार्यक्रम में 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी, विदेशों में तिरंगे की यात्रा, किसानों की एवोकाडो खेती और गंगा घाटों की सफाई जैसे प्रयासों का उल्लेख किया गया।

नई दिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक बदलावों और जनभागीदारी के प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से भी आता है।

नशामुक्ति का संदेश सोशल मीडिया तक पहुंचाएं

पीएम ने युवाओं से कहा कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता को लेकर रचनात्मक और प्रभावी कंटेंट बनाएं। नशामुक्त भारत अभियान को मजबूत करने के लिए युवाओं की भागीदारी को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

तिरंगा अभियान ने जुटाईं 8 करोड़ से ज्यादा सेल्फी

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस बार 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। उन्होंने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि फिजी के सुवा से शुरू होकर तिरंगे की यह यात्रा विभिन्न महाद्वीपों तक पहुंची और सैन फ्रांसिस्को में भारतीय मिशन तक तिरंगा शान से फहराया गया।

एवोकाडो बना किसानों के लिए कमाई का जरिया

देश में एवोकाडो की मांग बढ़ने के साथ इसकी खेती किसानों के लिए आय का नया जरिया बन रही है। पीएम ने आंध्र प्रदेश के कडपा के किसान वरदराज की सफलता साझा की। उन्होंने करीब 4 टन एवोकाडो उगाकर स्थानीय बाजार में इसकी बिक्री की।

पटवाई के युवाओं ने दिखाई स्वच्छता की मिसाल

उत्तर प्रदेश के रामपुर के पटवाई गांव में आकाश और रोहन ने युवाओं को साथ लेकर ‘क्लीन-अप पटवाई’ अभियान शुरू किया। टीम ने चार गंगा घाटों की सफाई की, तालाबों को बेहतर बनाया और एक टन से ज्यादा प्लास्टिक कचरा हटाया। मोदी ने इसे जनभागीदारी से बदलाव की मिसाल बताया।

बेटियों की उड़ान अंतरिक्ष तक

प्रधानमंत्री ने ‘मिशन शक्तिसैट’ के जरिए छात्राओं को अंतरिक्ष तकनीक से जोड़ने की जानकारी दी। उनके मुताबिक 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और नवाचार से सीखने का अवसर मिल रहा है।

उत्तम कुमार को किया याद

3 सितंबर को अभिनेता उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी के अवसर पर पीएम ने उनके योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि फिल्मकार सत्यजीत रे ने ‘नायक’ की कहानी और पटकथा उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर तैयार की थी। मोदी ने उनके शुरुआती संघर्ष और असफलताओं के बाद भी आगे बढ़ते रहने का उल्लेख किया।

‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष का उत्सव

पीएम ने कहा कि अगस्त का महीना देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहता है। इस साल ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के कारण यह अवसर और विशेष बन गया है।