रायपुर में बूढ़ा तालाब-चांदनी चौक मार्ग आज खुलेगा:ट्रैफिक से मिलेगी निजात, गर्ल्स कॉलेज का गेट भी खुला

रायपुर के बूढ़ा तालाब से चांदनी चौक जाने वाली सड़क आज आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार शाम 5 बजे सड़क का लोकार्पण करेंगे। सड़क का नाम स्वामी विवेकानंद सरोवर बूढ़ा तालाब पथ रखा गया है।
दरअसल, कांग्रेस शासन काल में नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने बूढ़ा तालाब के सौंदर्यीकरण के दौरान पाथ-वे और गार्डन बनाकर सड़क बंद कर दी थी। उस समय स्थानीय लोगों के साथ भाजपा ने सालों पुरानी सड़क को बंद करने का विरोध किया था।
इस निर्माण कार्य के खिलाफ आंदोलन भी हुए थे। इसके बावजूद सड़क को बंद कर दिया गया। प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद कैबिनेट मंत्री बृज मोहन अग्रवाल ने बूढ़ा तालाब का निरीक्षण कर कलेक्टर को रास्ता खोलने के लिए निर्देश दिए थे।
ट्रैफिक की समस्या ने मिलेगी राहत
बूढ़ा तालाब से चांदनी चौक जाने वाला रास्ता खोलने के बाद शहरवासियों को ट्रैफिक की समस्या ने राहत मिलेगी। वहीं दानी गर्ल्स स्कूल और डिग्री गर्ल्स कॉलेज जाने के लिए भी नया गेट खोल दिया गया है, जिससे छात्राओं और आम जनता को आने-जाने में आसानी होगी।
बूढ़ा तालाब में सड़क का रास्ता खोला गया है, लेकिन पूर्व में बने निर्माण कार्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है। गार्डन में वॉकिंग करने वाले लोगों को परेशानी ना हो और सड़क हादसा ना हो, इसके लिए रेलिंग भी लगाई जा रही है।
दीवार से लगकर कोई चौपाटी नहीं बनेगी
मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा है कि स्कूल की दीवार से लगकर चौपाटी का जो निर्माण किया वो सही नहीं है। मंत्री ने स्कूल-कॉलेज की दीवार से हटकर ही चौपाटी बनाने कहा। दानी गर्ल्स स्कूल और डिग्री गर्ल्स कॉलेज जाने के लिए नया गेट खोल दिया गया है। बूढ़ा तालाब में चौपाटी का निर्माण होना है।