रोने की आवाज से खुला राज: खंडहर में लावारिस मिली नवजात, अस्पताल में भर्ती
सुबह लोगों ने सुनी रोने की आवाज; शाल में लिपटी बच्ची खंडहरनुमा मकान की सीढ़ियों के नीचे मिली—डायल 112 की टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, पुलिस परिजनों की तलाश में जुटी।
भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के गोकुल नगर में सोमवार सुबह एक खंडहरनुमा मकान से नवजात बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों को रोने की आवाज सुनाई दी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुँची डायल 112 की टीम ने नवजात को सीढ़ियों के नीचे शाल में लिपटी अवस्था में पाया। बच्ची की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद टीम ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार घटना कुरुद के गोकुल नगर से लगे अयोध्या नगर की है, जहां परित्यक्त और जर्जर मकान में सुबह करीब 7 बजे राहगीरों ने रोने की आवाज सुनी। मौके पर गई पुलिस टीम ने नवजात की हालत देख तत्काल उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया जहां मेडिकल टीम उसकी देखभाल कर रही है। बताया जा रहा है कि बच्ची की उम्र लगभग 20 से 22 दिन है।
इधर, पुलिस नवजात को इस हालत में छोड़कर जाने वाले लोगों की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाल ही में क्षेत्र में किसी महिला ने बच्चा जन्मा है या नहीं। आसपास के लोगों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिस तरह से नवजात को शाल में लपेटकर छोड़ा गया है, उससे संभावना है कि बच्ची को सोमवार तड़के यहां छोड़ा गया होगा।
एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि “गोकुलधाम के अयोध्या नगर स्थित एक खंडहर की सीढ़ियों पर नवजात बच्ची मिली है। डायल 112 की मदद से उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। बच्ची सुरक्षित है और परिजनों की तलाश की जा रही है।”
suntimes 