केदारनाथ यात्रा के दौरान दुर्ग के युवक विजय भारद्वाज का निधन, कल होगी अंतिम यात्रा

बाबा के दर्शन के बाद बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; पार्थिव शरीर आज रात दुर्ग पहुंचेगा, 11 जून को मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार

केदारनाथ यात्रा के दौरान दुर्ग के युवक विजय भारद्वाज का निधन, कल होगी अंतिम यात्रा

केदारनाथ यात्रा पर गए दुर्ग के एक युवक विजय सिंह भारद्वाज का अचानक निधन हो गया। उत्तराखंड में बाबा के दर्शन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, परंतु डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर शहरभर में शोक का विषय बन गई है।

दुर्ग। जवाहर नगर निवासी और जीएसटी कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ विजय सिंह भारद्वाज (उम्र 34 वर्ष) का केदारनाथ यात्रा के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। वे 9 जून को अपने मित्रों के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए उत्तराखंड गए थे। दर्शन के पश्चात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विजय सिंह भारद्वाज, ट्रेज़री ऑफिसर मुकुंद सिंह भारद्वाज के पुत्र थे तथा शिक्षक नगर निवासी संजय सिंह और ईश्वर सिंह राजपूत के भतीजे थे। उनका पार्थिव शरीर 10 जून की देर रात एयरप्लेन के माध्यम से दुर्ग लाया जाएगा।

अंतिम यात्रा 11 जून को प्रात: 11 बजे उनके निवास स्थान जवाहर नगर से हरनाबांधा मुक्तिधाम के लिए निकाली जाएगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

विजय सिंह भारद्वाज के असामयिक निधन की खबर से राजपूत समाज सहित समस्त दुर्ग शहर में शोक की लहर है। शिक्षक नगर युवा विकास समिति, जवाहर नगर गृह निर्माण समिति, राजपूत समाज के पदाधिकारियों एवं अन्य धार्मिक-सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक प्रकट किया है।
परिवार के घर पर शोक संतप्त लोगों का लगातार पहुंचना जारी है और सभी उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।