शाहरुख खान को धमकी मामले में वकील रायपुर से गिरफ्तार, नोटिस के बाद भी नहीं हुआ पेश

रायपुर। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने वकील फैजान खान को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। नोटिस के बाद भी आरोपी बांद्रा पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचा था। आज उसे रायपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले वकील ने कहा था कि, उसका फोन गुम हो चुका है। उसे जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है।
वकील ने शाहरुख खान की एक फिल्म के डायलॉग पर आपत्ति जताई थी, जिसमें शाहरुख ने कहा था कि, हिरण को पकाकर खा लो। उन्हें हिरण का शिकार करने में मजा आता है। फैजान ने इसकी शिकायत मुंबई और जोधपुर में की थी, जिसमें बताया कि, हिरण को बिश्नोई समाज पूजता है। इस डायलॉग से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है।
फैजान खान को मुंबई पुलिस ने 7 नवंबर को पूछताछ के लिए नोटिस दिया था, जिसमें फैजान को कहा गया था कि 11 नवंबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उससे शाहरुख खान को फोन से मिली धमकी और 50 लाख रुपए मांगने के मामले में पूछताछ होनी थी। लेकिन 11 नवंबर को फैजान बांद्रा पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचा।
जिस वजह से 12 नवंबर यानि आज उन्हें रायपुर से मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की तैयारी हो रही है। इस मामले में फैजान खान के सहयोगी वकील विराट वर्मा ने दैनिक भास्कर को बताया कि मुंबई पुलिस ने 11 नवंबर को पूछताछ के लिए पेश होने को नोटिस दिया था। लेकिन, हमने 14 नवंबर को आने की बात की थी, जिसमें उन्होंने सहमति दी थी। इसके अलावा विराट वर्मा का दावा है कि उन्होंने मुंबई पुलिस को ऑडियो-वीडियो माध्यम से पूछताछ के लिए भी आवेदन भेजा था। इस पर कोई जवाब नहीं आया।
मामले की शुरुआत मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन पर आए एक फोन कॉल से हुई। अनजान कॉलर ने फोन पर धमकी देकर फिरौती मांगी। कॉलर ने कहा कि उसे 50 लाख रुपए चाहिए। वरना वो शाहरुख खान को जान से मार देगा। इसके बाद मुंबई पुलिस एक्शन मोड पर आई। मुंबई से तीन पुलिस अफसर रायपुर पहुंचे। बुधवार 6 नवंबर की रात वे रायपुर के होटल में रुके। तड़के उन्होंने पंडरी एरिया में मोबाइल सिम की लोकेशन देखने के बाद फैजान के घर गए। धमकी भरे कॉल के संबंध में करीब 2 घंटे पूछताछ की।