संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स छोड़कर आखिर CSK में क्‍यों हुए शामिल? अब जाकर तोड़ी चुप्पी

संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स छोड़कर आखिर CSK में क्‍यों हुए शामिल? अब जाकर तोड़ी चुप्पी

संजू सैमसन IPL 2026 में CSK के लिए खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्‍होंने पहली बार राजस्थान रॉयल्स छोड़कर सीएसके में शामिल होने की वजह का भी खुलासा किया है।

भारत को टी20 वर्ल्ड कप खिताब जिताने के बाद अब संजू सैमसन आईपीएल (IPL 2026) में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की जर्सी पहनकर मैदान में उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। केरल के इस दाएं हाथ के बल्लेबाज को पिछले साल राजस्थान रॉयल्स ने 18 करोड़ रुपये में सीएसके को ट्रेड कर दिया था। उस समय रॉयल्स के मैनेजमेंट ने बताया था कि सैमसन ने टूर्नामेंट के 2025 सीजन के बीच में ही फ्रेंचाइजी छोड़ने का अपना इरादा साफ कर दिया था। हालांकि, खुद संजू ने सार्वजनिक तौर पर कभी कुछ नहीं कहा।

सीएसके का पहला ही मुकाबला राजस्‍थान रॉयल्‍स से

संजू सैमसन ने अब जाकर आखिरकार उस फ्रेंचाइजी को छोड़ने पर अपनी चुप्पी तोड़ी, जिसका उन्होंने कई सालों तक प्रतिनिधित्व किया था। उन्‍होंने टीम को 2022 के टूर्नामेंट के फाइनल तक भी पहुंचाया था, लेकिन वह खिताबी मुकाबले में गुजरात टाइटन्स से हार गए थे। सीएसके अपना आईपीएल 2026 का अभियान सोमवार 30 मार्च को गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में रॉयल्स के खिलाफ ही शुरू करेगी।

मुझे लगा कि टीम में मेरा समय अब पूरा हो चुका है'

सैमसन ने कहा कि यह पहली बार होगा जब मैं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलूंगा, लेकिन मैं मैदान पर भावनाओं को खुद पर हावी नहीं होने देता। मैंने राजस्थान रॉयल्स इसलिए छोड़ी, क्योंकि मुझे लगा कि टीम में मेरा समय अब पूरा हो चुका है। अगर अब हम उनके आमने-सामने आते भी हैं, तो भी मैं अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलूंगा।

'धोनी से बात हुई'

सैमसन को भारत की तीसरी टी20 वर्ल्ड कप खिताबी जीत के बाद प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। उन्‍होंने बताया कि वह पहले ही धोनी से बात कर चुके हैं और सीएसके के लिए चेपॉक में खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी याद किया कि कैसे जिम्बाब्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच के दौरान चेन्नई की भीड़ ने उनका जोरदार समर्थन किया था, जब सुपर 8 के मुकाबले के लिए उन्हें फिर से प्लेइंग इलेवन में जगह मिली थी।

उन्‍होंने बताया कि मैं सीएसके का हिस्सा बनकर सच में बहुत उत्साहित हूं। मैंने फोन पर धोनी से बात की थी और जब मैं भारतीय टीम में था, तब उनके साथ ड्रेसिंग रूम भी शेयर किया था। धोनी भाई से बातचीत के बाद मुझे हमेशा पॉजिटिव वाइब्स मिली हैं। यह अनुभव अलग होगा, क्योंकि मैं सीएसके में धोनी के साथ लगभग दो महीने बिताऊंगा और मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। यह मेरे लिए उन्हें करीब से देखने और उनसे सीखने का एक शानदार मौका होगा।

'मैं किस्मतवाला हूं'

उन्‍होंने आगे कहा कि वर्ल्ड कप के दौरान चेन्नई की भीड़ से मुझे जो समर्थन मिला, उससे मैं हैरान था। मुझे लगता है कि मैं किस्मतवाला हूं। शायद वे मुझे अपने जैसा ही मानते हैं। मैं आईपीएल में उन्हें निराश नहीं करना चाहता और सीएसके के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा।