सस्ते सोलर पैनल का झांसा देकर कारोबारी से 34 लाख ऐंठे
मुंबई की कंपनी से जुड़ा बताकर दिया था सप्लाई का प्रस्ताव, भुगतान के बाद आरोपी ने नहीं की डिलीवरी
दुर्ग-भिलाई। सोलर पैनल कारोबार में निवेश और सप्लाई के नाम पर हुई 34 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने आरोपी विवेक मिश्रा (27), निवासी पालघर, महाराष्ट्र को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में जेल में बंद था। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट और ट्रांजिट रिमांड के जरिए दुर्ग लेकर आई है। न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच के मुताबिक, शिकायतकर्ता नवीन कुमार से 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा और कमलेश पाटिल ने संपर्क किया था। कमलेश ने खुद को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का मैनेजर बताया। दोनों ने नवीन कुमार की फर्म को बाजार की तुलना में कम कीमत पर सोलर पैनल देने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही इस काम से अच्छी कमाई होने का भरोसा भी दिलाया।
प्रस्ताव को सही मानकर नवीन कुमार ने कंपनी के बताए बैंक खातों में भुगतान कर दिया। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा और कोटक महिंद्रा बैंक के अपने खातों से आईएमपीएस और आरटीजीएस के जरिए कुल 34 लाख रुपए भेजे। लेकिन भुगतान के बाद कंपनी की ओर से न तो पैनल की आपूर्ति की गई और न ही इंस्टॉलेशन की व्यवस्था हुई। खुद को ठगा महसूस करने पर उन्होंने 5 सितंबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की। साइबर सेल से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेक मिश्रा की संलिप्तता का पता चला। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मुंबई के बांगुर नगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार हो चुका है और सेंट्रल जेल में बंद है। इसके बाद दुर्ग पुलिस ने संबंधित न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर उसे अपनी अभिरक्षा में लिया। अब आरोपी से ठगी की रकम कहां भेजी गई, कंपनी के खातों का इस्तेमाल किसने किया और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं, इन बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
suntimes 