दुर्ग जल घर में मिली सड़ी-गली लाश, तीन दिन तक होता रहा पानी सप्लाई
नगर निगम की बड़ी लापरवाही उजागर — जल घर से हजारों घरों में तीन दिन तक पहुंचता रहा दूषित पानी, लोगों की सेहत पर मंडराया खतरा
दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के जल घर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कर्मचारियों ने पानी का वाल्व खोलने के दौरान टंकी में एक सड़ी-गली लाश को तैरते देखा। चौंकाने वाली बात यह है कि यही जल घर पिछले तीन दिनों से शहर के हजारों घरों में पानी की आपूर्ति कर रहा था।
दुर्ग। नगर निगम क्षेत्र के जल घर में तीन दिन पुरानी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार की सुबह जब निगम कर्मचारी नियमित रूप से जल स्तर जांचने पहुंचे और वाल्व खोला, तभी पानी की सतह पर एक शव तैरता दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तत्काल इस घटना की सूचना नगर निगम प्रशासन और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, जल घर करीब 30 फीट गहरा है, और शव कई दिनों से उसी में फंसा हुआ था। जब पानी का स्तर बढ़ा तो लाश ऊपर आ गई और घटना का खुलासा हुआ। शव पूरी तरह से डीकंपोज्ड हो चुका है और उसकी उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि इसी जल घर से पिछले तीन दिनों से पूरे क्षेत्र में पानी की सप्लाई जारी थी। यानी हजारों घरों में लाश के सड़े पानी की आपूर्ति होती रही। घटना ने नगर निगम की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि निगम प्रशासन ने समय रहते जल घर की जांच नहीं की, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी पड़ताल की जा रही है कि मृतक की मौत हादसा थी या इसमें कोई संदिग्ध पहलू है।
suntimes 