जेएन चिकित्सालय के निजीकरण के विरोध में भड़के मजदूर — सेक्टर-9 चौक पर सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शन
मेहनतकश आवास अधिकार संघ और छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने जताई गहरी चिंता, कहा — यह अस्पताल भिलाई की ‘जीवनरेखा’ है, निजीकरण से बढ़ेगा आम जनता पर बोझ
भिलाई। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय (जेएन अस्पताल) के निजीकरण के विरोध में गुरुवार को मेहनतकश आवास अधिकार संघ और छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा–मज़दूर कार्यकर्ता समिति के सैकड़ों कार्यकर्ता सेक्टर-9 चौक पर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने निजीकरण की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग करते हुए कहा कि यह कदम न केवल संयंत्र कर्मियों बल्कि भिलाई नगर और आसपास के नागरिकों के लिए भी गंभीर संकट साबित होगा।
मेहनतकश आवास अधिकार संघ और छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा–मज़दूर कार्यकर्ता समिति ने प्रेस को बताया कि जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय (जेएन हॉस्पिटल) वर्षों से भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और आसपास के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता आ रहा है। यह अस्पताल केवल एक चिकित्सा केंद्र नहीं, बल्कि भिलाईवासियों के विश्वास, सुरक्षा और जीवन की गारंटी का प्रतीक है।
वक्ताओं ने कहा कि यदि इस अस्पताल का निजीकरण किया गया, तो संयंत्र कर्मियों का निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य अधिकार समाप्त हो जाएगा। कर्मचारियों को त्वरित चिकित्सा के लिए भटकना पड़ेगा और निजी प्रबंधन द्वारा अधिक शुल्क वसूलने की आशंका रहेगी। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ेगा, बल्कि अस्पताल में कार्यरत ठेका श्रमिकों व स्वास्थ्यकर्मियों के समक्ष बेरोजगारी का संकट भी खड़ा होगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेक्टर-9 और आसपास के सैकड़ों परिवारों की आजीविका इस अस्पताल से जुड़ी है। ऐसे में निजीकरण का निर्णय कर्मचारियों और आम जनता दोनों के लिए कुठाराघात समान है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर मांग की कि —
1️⃣ जेएन चिकित्सालय में योग्य एवं अनुभवी डॉक्टरों की भर्ती की जाए।
2️⃣ सभी आवश्यक चिकित्सीय उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
3️⃣ अस्पताल को पूर्ण रूप से सुचारू और निर्बाध रूप से संचालित रखा जाए।
4️⃣ संयंत्र कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित किया जाए।
5️⃣ निजीकरण की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए।
6️⃣ रिटेंशन स्कीम को पूर्ववत लागू रखा जाए।
वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि संयंत्र निदेशक संवेदनशीलता और दूरदर्शिता के साथ निर्णय लेकर भिलाई की इस “जीवनरेखा” को उसके गौरव और जनसेवा की परंपरा को बनाए रखेंगे।
आज के प्रदर्शन में अस्पताल सेक्टर से जुड़े सैकड़ों मजदूरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संजना, मन्नु ठाकुर, भावना, सुरेन्द्र मोहन्ती, वर्षा दीप, नीरजा, जी.एन. सिंह, नारायण राव, कलादास डेहरिया, के. मैरी, अरुणा, निलवेणी, सिंदुरिया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
suntimes 