भिलाई में विकास कार्यों का निरीक्षण: कलेक्टर बोले– गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा हों प्रोजेक्ट

भिलाई में विकास कार्यों का निरीक्षण: कलेक्टर बोले– गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा हों प्रोजेक्ट

भिलाई नगर। शहर की प्रगति और सुविधाओं को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने गुरुवार को महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के साथ विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन स्लॉटर हाउस, शहीद उद्यान में ई-लाइब्रेरी, ट्रैफिक पार्क, प्रियदर्शनी परिसर के निर्माण कार्य और ई-सिटी बस सेवा स्टॉपेज की प्रगति पर बारीकी से समीक्षा की गई।  

 

भिलाई नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का कलेक्टर अभिजीत सिंह ने महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को समयसीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

राधिका नगर पानी टंकी के पास बने स्लॉटर हाउस का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने मशीनों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने जानकारी दी कि इसके संचालन के बाद मटन विक्रेताओं को पशु वध से पूर्व लैब टेस्ट कराना होगा और प्रमाणपत्र लेना होगा। इस व्यवस्था से जिले के शहरों में रोगमुक्त और प्रमाणित मांस उपलब्ध होगा।

इसके बाद शहीद उद्यान में निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी कुणाल बिल्डर्स को तुरंत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस लाइब्रेरी से प्रतियोगी परीक्षाओं और कोचिंग के लिए आने वाले विद्यार्थियों को प्राकृतिक और शांत वातावरण मिलेगा तथा उनके खर्च में भी कमी आएगी। वर्तमान में उद्यान में संधारण कार्य चल रहा है, जिसके चलते इसे 31 अगस्त तक बंद रखा गया है।  

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक पार्क का भी जायजा लिया गया और आगंतुकों के लिए फूड जोन सहित अन्य सुविधाओं पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने प्रियदर्शनी परिसर के रोड निर्माण, स्विमिंग पूल, हॉर्स राइडिंग और नालंदा परिसर के प्रस्तावित विकास कार्यों की भी समीक्षा की।  

राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ई-सिटी बस सेवा स्टॉपेज का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा। बैटरी चालित इस सेवा से जिलेभर के यात्रियों को लाभ मिलेगा और माना एयरपोर्ट तक भी आसानी से आवागमन हो सकेगा।  

निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अजय राजपूत, कार्यपालन अभियंता अखिल चंद्राकर, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।