रायपुर में पुलिस वाहन में शराबखोरी का मामला, नशे में धुत ड्राइवर व युवक सोते मिले

वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, कांग्रेस ने कहा– कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल

रायपुर में पुलिस वाहन में शराबखोरी का मामला, नशे में धुत ड्राइवर व युवक सोते मिले

रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून की रक्षा करने वाले वाहन से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस की तख्ती और सायरन लगी एक गाड़ी में शराबखोरी करते हुए युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रायपुर पासिंग नंबर की एक स्कॉर्पियो दिखाई दे रही है, जिस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ है और ऊपर बत्ती भी मौजूद है। वाहन के भीतर ड्राइवर समेत दो-तीन युवक शराब के नशे में बेहोशी की हालत में सोते नजर आ रहे हैं। गाड़ी के दरवाजे के पास शराब की बोतल और नमकीन रखे हुए दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास मौजूद लोगों ने जब ड्राइवर को नींद से जगाने की कोशिश की तो वह ठीक से खड़ा होने या बात करने की स्थिति में नहीं था। वीडियो रविवार देर रात का बताया जा रहा है।

इस पूरी घटना का वीडियो उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता नवाज खान ने बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में जब उनसे ड्राइवर से बातचीत की गई तो उसने स्वीकार किया कि उसने शराब पी रखी थी और नशा चढ़ गया था। इसके बाद वह वाहन में सो रहे अन्य युवकों को जगाने की कोशिश करता दिखा।

नवाज खान ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि यह घटना रात करीब 2 बजे की है और नशे में धुत आरोपी ड्राइवर व उसके साथी सड़क पर कई लोगों को टक्कर मारने से बाल-बाल बचे। उन्हें यह तक होश नहीं था कि वे किस स्थान पर खड़े हैं।

वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने इसे साझा करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जब पुलिस वाहनों का इस तरह दुरुपयोग होगा तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं, आम लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यह गंभीर लापरवाही है और संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।