सुपेला संडे मार्केट में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, ट्रैफिक सुधार के लिए चला बुलडोजर

150 से अधिक ठेले-अस्थायी निर्माण हटाए गए, शिवलिंग चबूतरा हटाने पर कुछ देर तनाव, व्यापारियों ने दिखाई सहयोग की मिसाल

सुपेला संडे मार्केट में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, ट्रैफिक सुधार के लिए चला बुलडोजर

*दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में लगातार बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से रविवार सुबह सुपेला संडे मार्केट में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। नगर निगम भिलाई और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाते हुए सड़कों को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान जहां कुछ देर विवाद की स्थिति बनी, वहीं अधिकांश व्यापारियों ने पहल का समर्थन करते हुए सहयोग का परिचय दिया।*

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग शहर में यातायात अव्यवस्था की प्रमुख वजह बने अतिक्रमण को हटाने के लिए रविवार सुबह सुपेला संडे मार्केट में व्यापक कार्रवाई की गई। भिलाई नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानों के बाहर बने अस्थायी निर्माण और सड़क पर फैलाए गए कब्जों को हटाया।

जानकारी के अनुसार संडे मार्केट क्षेत्र में करीब 150 दुकानों के बाहर ठेले और अस्थायी ढांचे लगाए गए थे, जिससे सड़क सकरी हो गई थी और यातायात बाधित हो रहा था। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सुबह करीब 6 बजे निगम अमला मौके पर पहुंचा और बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान शिवलिंग चबूतरा हटाने को लेकर कुछ देर विवाद की स्थिति बनी। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए संबंधित लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद चबूतरे को हटाया गया और कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

विरोध की आशंका को देखते हुए सुपेला, छावनी, खुर्सीपार, सेक्टर-6 कोतवाली और जामुल थाने की पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। महिला पुलिस बल भी पूरी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहा।

प्रशासन की इस पहल का अधिकांश दुकानदारों ने समर्थन किया। कई व्यापारियों ने इसे ट्रैफिक सुधार के लिए आवश्यक कदम बताते हुए निगम और पुलिस टीम के लिए नाश्ते की व्यवस्था कर मानवता और सहयोग की मिसाल पेश की।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आगामी रविवार को भी संडे मार्केट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।