हटरी बाजार में बुजुर्ग महिला से ठगी, नकली नोट दिखाकर जेवर ले उड़े शातिर
कागज की गड्डी से बनाया भरोसा, सोने के जेवर लेकर पोटली में पत्थर-चूड़ियां थमाकर फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस
दुर्ग-भिलाई। शहर के भीड़भाड़ वाले हटरी बाजार इलाके में ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपने जाल में फंसाकर करीब 1.50 लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी की रहने वाली 68 वर्षीय लक्ष्मी जैन मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हटरी बाजार स्थित एक दुकान के पास खड़ी थीं। इसी दौरान एक महिला और दो युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत के दौरान नोटों की गड्डी दिखाकर उन्हें विश्वास में लिया। हालांकि बाद में पता चला कि वे असली नोट नहीं बल्कि कागज के बंडल थे।
ठगों ने बातों-बातों में महिला से उनके पहने हुए सोने के जेवर दिखाने को कहा। भरोसे में आकर महिला ने अपनी अंगूठी, मंगलसूत्र और चूड़ियां उतारकर दे दीं। आरोपियों ने जेवर को कपड़े में बांधने का नाटक किया और उसी दौरान चालाकी से उन्हें बदल दिया।
इसके बाद ठगों ने महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाते हुए ई-रिक्शा में बैठा दिया और मौके से फरार हो गए। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद जब महिला ने पोटली खोली, तो उसमें सोने के जेवर की जगह प्लास्टिक की चूड़ियां और पत्थर मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने अपने परिजनों को सूचित किया और सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों में एक महिला (लगभग 40 वर्ष), एक पुरुष (35 वर्ष) और एक युवक (25 वर्ष) शामिल हैं, जिन्हें वह सामने आने पर पहचान सकती हैं। चोरी गए जेवरों में करीब 40 ग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.52 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और अनजान व्यक्तियों के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।
suntimes 