हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में दर्दनाक हादसा, क्रेन से गिरा भारी लोहा, मजदूर की मौत
सिसकोल कंपनी में ओवरहेड क्रेन से प्लेट ट्रांसफर के दौरान हुआ हादसा, लापरवाही की आशंका
भिलाई के हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक फैक्ट्री में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ओवरहेड क्रेन से भारी लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिसकोल कंपनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। क्रेन ऑपरेशन के दौरान भारी लोहे की प्लेट मजदूर के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लेखूराम कौशल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रोज़ाना की तरह सुबह कंपनी पहुंचा था और ओवरहेड क्रेन की सहायता से भारी लोहे की प्लेट को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर रहा था। इसी दौरान अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और लोहे की प्लेट नीचे खड़े लेखूराम के ऊपर आ गिरी।
भारी वजन के कारण लेखूराम गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूरों द्वारा उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और कंपनी प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
suntimes 