हरेली तिहार पर मुख्यमंत्री निवास में सजी छत्तीसगढ़ी परंपरा की रंगत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हल-नांगर की पूजा की, डॉ. रमन सिंह बोले— किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रथम लोकपर्व हरेली तिहार का पारंपरिक उल्लास बुधवार को मुख्यमंत्री निवास, नवा रायपुर में दिखाई दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषि उपकरण हल-नांगर की विधिवत पूजा कर प्रदेशवासियों की समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में किसानों के खातों में लगभग ₹35 हजार करोड़ की राशि अंतरित की गई है। उनका कहना था कि किसानों की खुशहाली ही छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री निवास परिसर में हरेली तिहार के अवसर पर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, ग्रामीण जीवन और पारंपरिक कृषि परंपराओं की सजीव झलक देखने को मिली। परिसर को नीम और आम के पत्तों, गेंदे के फूलों तथा पारंपरिक ग्रामीण सजावट से विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण लोकपर्व की सांस्कृतिक गरिमा से सराबोर दिखाई दिया।
आगंतुकों के लिए फरा, चिल्ला और अन्य पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई थी। लोकपर्व के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, कृषि संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं को सम्मान देने का संदेश भी दिया गया।
suntimes 