IPL सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़: कोलकाता-गुवाहाटी से 14 सटोरिए गिरफ्तार
महादेव ऐप के पैनल से करोड़ों की सट्टेबाजी, रायपुर पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में मारा छापा, 500 बैंक खातों से ट्रांजेक्शन का खुलासा

रायपुर। IPL-2025 के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोलकाता और गुवाहाटी में एक साथ छापा मारकर पुलिस ने 6 राज्यों के 14 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी महादेव ऐप के विभिन्न पैनल्स के ज़रिए करोड़ों की सट्टेबाज़ी संचालित कर रहे थे। पुलिस को 500 बैंक खातों से किए गए करोड़ों के ट्रांजेक्शन के सबूत मिले हैं। टीम ने करीब 30 लाख रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान भी ज़ब्त किया है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए फिल्मी तरीका अपनाया। पुलिसकर्मी खुद को किरायेदार बताकर फ्लैट देखने के बहाने भीतर घुसे और सबूतों समेत आरोपियों को पकड़ा। कोलकाता के न्यू टाउन और राजारहाट इलाके से 8 आरोपी जबकि गुवाहाटी से 6 आरोपी पकड़े गए। सभी आरोपियों ने इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की आड़ में फ्लैट किराए पर लिए थे और वहीं से सट्टा संचालित कर रहे थे।
क्राइम ब्रांच को मिले अहम सुराग:
13 अप्रैल को पंडरी ओवरब्रिज के नीचे निखिल वाधवानी नामक युवक को ऑनलाइन सट्टा खिलाते गिरफ्तार किया गया था। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों को कोलकाता और गुवाहाटी रवाना किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
कोलकाता से गिरफ्तार:
पंकज वासवानी (24, बिलासपुर), रवि सजनानी (36, रायपुर), रोशन कुमार ठाकुर (20, दरभंगा), प्रतीक सोनी (20, बिलासपुर), संदीप अमरानी (30, कटनी), अंकुल मिश्रा (21), दीपांशु गुप्ता (23), ताज्जु मसीह (42, दुर्ग)
गुवाहाटी से गिरफ्तार:
कुशल साहू (24, बिलासपुर), जीत सिंह (25, दुर्ग), सूजल रूपरेला (19, रायपुर), अनुराग डहरिया (25, छिंदवाड़ा), हरदीप सिंह (19, सिंहभूमि), भानू सिंह राजपूत (25, आगरा)
जब्त सामग्री:
पुलिस ने इनके कब्जे से 67 मोबाइल, 8 लैपटॉप, 4 राउटर, 94 एटीएम कार्ड, 15 सिम कार्ड, 32 पासबुक, 3 चेकबुक, सिक्योरिटी कैमरा, पावर बोर्ड, और हाथ से लिखे हिसाब-किताब की कॉपियां जब्त की हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
500 बैंक खातों से करोड़ों का लेन-देन:
सटोरिए सट्टे की राशि के लेन-देन के लिए करीब 500 बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस अब इन खातों के माध्यम से हुए ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है। कई आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सट्टा पैनल 15 से 25 लाख रुपये में खरीदे थे।
आईपीएल 2025 में अब तक 41 गिरफ्तारियां:
अब तक रायपुर क्राइम ब्रांच ने IPL-2025 सीजन में 17 प्रकरणों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी Ganjanand, Mr Bean, Wood777, Kingdombook9, Shubhlabh, Gold363 जैसे ऐप्स और पैनल्स के ज़रिए सट्टा चला रहे थे। अब तक कुल 72 लाख से अधिक का सामान और कैश ज़ब्त किया गया है।