IPS डांगी केस में नया मोड़: शिकायतकर्ता की बहन-जीजा ने लगाए पलटवार के आरोप, कहा – “उसके झूठ से परिवार भी टूटा”
योग शिक्षिका ने IG रतनलाल डांगी पर लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप, अब परिजनों ने ही कहा – वह पहले भी धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग में रही शामिल
छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ IPS अधिकारी रतनलाल डांगी पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोप के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस योग शिक्षिका ने उन पर सात साल तक शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया था, अब उसी महिला के परिजनों ने उसके आरोपों को झूठा बताया है। शिकायतकर्ता की बड़ी बहन और जीजा ने सामने आकर कहा कि महिला पहले भी कई लोगों पर झूठे आरोप लगा चुकी है और उसके कारण परिवार टूट चुका है।
रायपुर। सीनियर आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच मामला अब नया मोड़ ले चुका है। आरोप लगाने वाली योग शिक्षिका की बड़ी बहन और जीजा ने मीडिया के सामने आकर महिला के ही दावों पर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि — “हमारी बहन बचपन से ही ऐसा व्यवहार करती रही है। उसने पहले पापा और फिर मेरे पति पर भी झूठे आरोप लगाए थे। अब वह एक ईमानदार अधिकारी को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।”
परिजनों का कहना है कि महिला पहले भी धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों में शामिल रही है। कई बार उसने पारिवारिक विवादों में झूठे आरोप लगाकर आर्थिक लाभ उठाने की कोशिश की। जीजा ने दावा किया कि उनके पास इसके सबूत और पुराने केस से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों को सौंपा जा सकता है।
जानिए, IPS डांगी पर क्या लगे हैं आरोप
पुलिस विभाग में पदस्थ एक एसआई की पत्नी ने IPS रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीड़न और मानसिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि साल 2017 में कोरबा में हुई मुलाकात के बाद से लेकर अब तक डांगी उसे परेशान कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, दंतेवाड़ा में पदस्थापना के दौरान वह वीडियो कॉल के जरिए डांगी को योग सिखाती थी। बाद में जब वह राजनांदगांव और सरगुजा में आईजी बने, तब भी कथित तौर पर उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा। बिलासपुर में आईजी रहते हुए स्थिति और गंभीर हो गई।
महिला का दावा है कि डांगी उसे पत्नी की गैरमौजूदगी में बंगले पर बुलाते थे और न आने पर तबादले की धमकी देते थे। उसने यह भी कहा कि डांगी वीडियो कॉल के माध्यम से सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक संपर्क में रहने का दबाव बनाते थे, और उसके पास इस संबंध में डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं। महिला ने 15 अक्टूबर को पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
डांगी बोले – “ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है”
आईपीएस रतनलाल डांगी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि महिला उन्हें ब्लैकमेल करने और बदनाम करने की साजिश रच रही है। डांगी ने बताया कि उन्होंने पहले ही इस मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी थी। उन्होंने कहा — “महिला मेरे खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है। उसने धमकी दी है कि अगर मैं उसकी बात नहीं मानूंगा, तो वह जहर लेकर आत्महत्या की कोशिश का नाटक करेगी और मुझे फंसा देगी।”
जांच में सामने आ सकते हैं पुराने केस
सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला के खिलाफ पूर्व में दर्ज कुछ पुराने विवाद और शिकायतें भी अब जांच का हिस्सा बन सकती हैं। पुलिस उच्चाधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने के संकेत दिए हैं। मामला जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, आरोप और बचाव दोनों पक्षों की दलीलों से यह केस और जटिल होता जा रहा है।
suntimes 