KBC जूनियर की हॉट सीट पर पहुंचा भिलाई का विराट:8 साल के अय्यर देंगे अमिताभ बच्चन के 1 करोड़ के सवाल का जवाब

KBC जूनियर की हॉट सीट पर पहुंचा भिलाई का विराट:8 साल के अय्यर देंगे अमिताभ बच्चन के 1 करोड़ के सवाल का जवाब

भिलाई के रहने वाले 8 साल के विराट अय्यर मशहूर टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' जूनियर की हॉट सीट पर पहुंच गए हैं। 21 नवंबर को बेबाकी से अमिताभ बच्चन को सवालों का जवाब देते नजर आए। इसका दूसरा प्रसारण 22 नवंबर को सोनी लिव चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। इसमें अय्यर एक करोड़ तक के सवाल का जबाव देते दिखेंगे।

केबीसी में सवालों का जवाब देते हुए विराट।

दैनिक भास्कर की टीम ने विराट से बातचीत की और केबीसी तक पहुंचने के सफर को जाना। अय्यर ने बताया कि एक दिन वो अपनी मां के साथ कौन बनेगा करोड़पति शो देखने के लिए बैठा। उसने देखा कि उसमें केबीसी जूनियर के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हैं। विराट ने बिना देरी किए अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया। 

उसे 11-16 सितंबर के बीच ग्रैंड ऑडिशन के लिए मुंबई बुलाया गया। वहां चयन होने के बाद वो हॉट सीट पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठा। विराट ने बताया कि विग बी काफी अच्छे और दोस्ताना स्वभाव के हैं। विराट के जवाबो को सुनकर अमिताभ भी उसके फैन हो गए।

विराट ने बताया उसने इतने अच्छे से तैयारी की थी कि सवाल आते ही वो बिना ऑप्शन के जवाब दे रहा था। यह देख अमिताभ काफी खुश और प्रभावित हुए। भिलाई के रिसाली इस्पात नगर निवासी 8 वर्षीय विराट अय्यर कक्षा तीसरी का छात्र है। वो पढ़ाई के साथ ही खेल और म्यूजिक में भी काफी आगे है। विराट को 9 भाषाओं का ज्ञान है। वो शतरंज खेलने का शौकीन है और हॉरमोनियम भी काफी अच्छे से बजा लेता है। विराट अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी मां नीलिमा अय्या और पिता कल्याण विजय को दिया है। 

विराट इतने इंटेलिजेंट हैं कि उन्हें मिरेकल चाइल्ड कहा जाता है। विराट की मां निलीमा ने बताया कि सितंबर में केबीसी जूनियर के रजिस्ट्रेशन हो रहे थे। उसी वक्त विराट ने मोबाइल ऐप के जरिए सवालों के जवाब दिए और पहले राउंड को पार कर लिया।

इसके बाद कॉल आया कि विराट का चयन किया गया है। ऑनलाइन ऑडिशन में शामिल होना है। विराट ने अपने घर में बैठे 24 सितंबर को ऑनलाइन ऑडिशन दिया। इसमें 20 प्रश्न पूछे गए। इसमें से 18 प्रश्नों का सही उत्तर दिया। हर प्रश्न का उत्तर देने सिर्फ 20 सेकंड का ही समय था। यह राउंड भी विराट ने क्लीयर कर लिया।