MMC जोन को बड़ा झटका: केबी डिवीजन के 11 नक्सलियों ने सरेंडर किया, सुकमा का मोस्ट वांटेड कबीर भी शामिल
मध्यप्रदेश पुलिस के सामने हथियार डाले; तीन राज्यों की सरहद पर सक्रिय यह नेटवर्क अब लगभग ध्वस्त, आज CM के सामने होगा औपचारिक आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की सीमाओं पर सक्रिय MMC जोन को बड़ा धक्का लगा है। केबी डिवीजन से जुड़े हार्डकोर माओवादी कबीर सहित 11 नक्सलियों ने मध्यप्रदेश पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। आज मुख्यमंत्री के सामने उनका औपचारिक आत्मसमर्पण कराया जाएगा। सरेंडर के बाद केबी डिवीजन के लगभग समाप्त होने का दावा किया जा रहा है।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमा इलाकों में सक्रिय MMC जोन को सुरक्षा बलों ने एक बड़ा रणनीतिक झटका दिया है। कान्हा-भोरमदेव (केबी) डिवीजन में वर्षों से सक्रिय 11 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर सरेंडर कर दिया है। इनमें सुकमा निवासी हार्डकोर नक्सली कबीर भी शामिल है, जो मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़—तीनों राज्यों में मोस्ट वांटेड की सूची में दर्ज था।
सूत्रों के मुताबिक 6 दिसंबर की रात कबीर अपनी टीम के 10 सदस्यों के साथ जंगल से बाहर निकला और एक फॉरेस्ट गार्ड की मदद से IG ऑफिस पहुंचकर हथियार डाल दिए। बताया जा रहा है कि इनका आत्मसमर्पण केबी डिवीजन की ताकत पर निर्णायक असर डाल सकता है और इसे लगभग खत्म माना जा रहा है।
कबीर पिछले कई वर्षों से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था और उस क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा की गई कई बड़ी घटनाओं में उसका नाम सामने आया है। उसके साथ राकेश, समर उर्फ राजू आत्राम, लालसू, शिल्पा, जयशीला, जरीना, सोनी, जानकी और विक्रम ने भी आत्मसमर्पण किया है। हालांकि प्रशासन द्वारा अभी आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।
सरेंडर करने वाले सभी नक्सलियों का आज मुख्यमंत्री की मौजूदगी में औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि यह कदम आने वाले समय में पूरे MMC जोन में नक्सलियों की गतिविधियों को कमजोर कर देगा।
suntimes 