तेज रफ्तार का कहर: ट्रक ने बाइक सवार को 1.5 किमी तक घसीटा, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत

खैरागढ़–धमधा मार्ग पर भयानक हादसा; भीड़ ने भागते ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, मृतक की पहचान जारी

तेज रफ्तार का कहर: ट्रक ने बाइक सवार को 1.5 किमी तक घसीटा, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत

दुर्ग जिले में खैरागढ़–धमधा मुख्य मार्ग पर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को सामने से टक्कर मार दी और टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई, जिसे ड्राइवर करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दुर्ग-भिलाई। खैरागढ़–धमधा मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर दिया। परशकोल चौक के पास सामने से आ रही बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई थी, लेकिन हादसे के बाद भी ड्राइवर ने वाहन नहीं रोका। उल्टा स्पीड बढ़ाते हुए वह मौके से भागने की कोशिश करता रहा। फंसी हुई बाइक सड़क पर घिसटती हुई करीब डेढ़ किलोमीटर तक गोरपा तक पहुंची।

लोगों का कहना है कि बाइक के साथ युवक का क्षत-विक्षत शव भी लगातार घसीटता चला गया, जिससे दृश्य और भी भयावह हो गया। आखिरकार बाइक पूरी तरह टूटकर बिखर गई और आगे नहीं बढ़ पाने के कारण ट्रक को रोकना पड़ा।

इस बीच ड्राइवर वाहन को सड़क किनारे छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। भीड़ में हादसे के बाद भारी आक्रोश देखा गया।

धमधा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और आरोपी ड्राइवर को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान जालबांधा निवासी युवक के रूप में की जा रही है। थाना प्रभारी युवराज साहू ने बताया कि परिजनों के आने के बाद अपराध पंजीबद्ध किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।